Skip to content

मेरा सम्मान, प्रदेश की जनता का सम्मान- सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार रोड़ स्थित होटल में लोक प्रहरी संस्था द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड़ के स्तम्भ कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले तथा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित लोगों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में लगभग डेढ़ दर्जन स्वयंसेवी संस्थाओं एवं संगठनों ने देवभूमि के अनुरूप प्रदेश हित में मुख्यमंत्री द्वारा लिये जा रहे निर्णयों के लिये उनको भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खुद के सम्मान को प्रदेश की जनता का सम्मान बताया।

                मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले लोग समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। इन लोगों ने समाज के हित में अपना सर्वस्व समर्पित करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में लोक प्रहरी जैसी संस्थाएं न केवल सामाजिक दायित्वों को पूरा कर रही है बल्कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। इस प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के प्रयासों में लगी सभी संस्थाओं, संगठनों के प्रयास सराहनीय है। उत्तराखंड में लागू किये गए नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून, समान नागरिक संहिता  आदि विषयों पर हमारी सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों के कारण उन्हें सम्मानित किये जाने पर दिया गया यह सम्मान मेरा नहीं बल्कि उत्तराखंड की जनता का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। हम आज ऐसे फैसले ले रहे है जो पूर्व की सरकारों को असंभव लगते थे, ऐसे विषयों पर चर्चा करने से भी विपक्ष के लोग कतराते थे। हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को लेकर कार्य कर रही है। हमने लक्ष्य तय किया है कि हम वो सब फैसले लेंगे जो जनहित और प्रदेशहित के लिए आवश्यक हों। पहले जहां पेपर लीक कर गरीब युवाओं के हक पर डाका डालने का प्रयास किया जा रहा था, हमने ऐसे प्रयास करने वालों को सलाखों के  पीछे डाला। उत्तराखंड की पवित्र भूमि पर अवैध रूप से जहां भी  अवैध अतिक्रमण किया गया है उसे ध्वस्त करने की कार्यवाही की जायेगी।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सचिव आर.मीनाक्षी सुन्दरम,  बी. के. संत के साथ ही अन्य अधिकारी समाजसेवी और विभिन्न संस्थाओं से जुडे लोग मौजूद थे। लोक प्रहरी संस्था के अध्यक्ष डॉ. अशोक नागर ने सभी का स्वागत करते हुए संस्था के कार्यों की जानकारी दी।

Uncategorized
Copyrights 2021, All Rights reserved to VIBRANT BROADCASTING PVT. LTD. | Website Developed by - Prabhat Media Creations