देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस मतदान में कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक हिस्सा ले रहे हैं। चुनाव में राजग उम्मीदवाद द्रौपदी मुर्मू की जीत और इसके साथ ही देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहली बार आदिवासी महिला की ताजपोशी तय है। 27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं महज 14 दलों का समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.62 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रपति चुनाव में अपना वोट दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में राज्य विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में राष्ट्रपति पद के लिए चल रहे चुनाव में अपना वोट डाला।ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान कर दिया है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए लखनऊ में अपना वोट डाला।राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस दौरान मतदान किया।देश के अगले महामहिम को चुनने के लिए मतदान जारी है। सभी राज्य के विधायक और सांसद वोटिंग कर रहे हैं। 21 जुलाई को चुनाव का परिणाम आ जाएगा।राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। विधायक और सांसद मतदान कर रहे हैं।भारतीय जनता पार्टी के नेता और महाराष्ट्र विधानसभा में मुख्य सचेतक आशीष शेलार ने कहा कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय है। हमें पूरा विश्वास है कि वह महाराष्ट्र से रिकॉर्ड वोट हासिल करेंगी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान से पहले विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल विधानसभा पहुंचे।दार्जिलिंग से भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव महज एक औपचारिकता है। वह पहले ही जीत चुकी है। आंकड़े कहते हैं कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनेंगी। खुशी का मौका है। हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। यह ऐतिहासिक है।राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिए पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायक राज्य विधानसभा के लिए रवाना हो गए हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी।राष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा, राज्यसभा और राज्यों के विधानसभा के सदस्य वोट डालते हैं। 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में से 233 सांसद ही वोट डाल सकते हैं। 12 मनोनीत सांसद इस चुनाव में वोट नहीं डालते हैं।
इसके साथ ही लोकसभा के सभी 543 सदस्य वोटिंग में हिस्सा लेंगे। इनमें आजमगढ़, रामपुर और संगरूर में हुए हालिया उपचुनाव के विजेता सांसद भी शामिल होंगे। इसके अलावा सभी राज्यों के कुल 4 हजार 33 विधायक भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालेंगे। इस तरह से राष्ट्रपति चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 4 हजार 809 होगी। हालांकि, इनके वोटों की वैल्यू अलग-अलग होगी। देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के एक विधायक के वोट की वैल्यू सबसे ज्यादा 208 होती है।
वहीं, इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु के एक विधायक के वोट की वैल्यू 176 तो महाराष्ट्र के एक विधायक के वोट की वैल्यू 175 होती है। बिहार के एक विधायक के वोट की वैल्यू 173 होती है। सबसे कम वैल्यू सिक्किम के विधायकों की होती है। यहां के एक विधायक के वोट की वैल्यू सात होती है। इसके बाद नंबर अरुणाचल और मिजोरम के विधायकों का आता है। यहां के एक विधायक के वोट की वैल्यू आठ होती है।