Skip to content

चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले BKTC अध्यक्ष ने लिया संतों से आशीर्वाद

चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बुधवार को हरिद्वार पहुंच कर सफल व निर्विघ्न यात्रा के लिए संतों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने संतों को BKTC द्वारा यात्रा की तैयारियों को लेकर किये जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। संतों ने बीकेटीसी द्वारा दर्शन व्यवस्था व मंदिरों के प्रबंधन कार्य में किए जा रहे सुधारों की सराहना की। BKTC अध्यक्ष ने आज सबसे पहले हरिहर आश्रम पहुंच कर जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी से मुलाकात की। उसके पश्चात निरंजनी अखाड़े के सचिव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी से उनके आश्रम में मुलाकात की। अजेंद्र ने दक्षिण काली मंदिर पहुंच कर दक्षिण काली पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज से भी मुलाकात की। संतों से मुलाकात के दौरान BKTC अध्यक्ष अजेंद्र ने उन्हें यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि BKTC श्रद्धालुओं व तीर्थ यात्रियों को सुगम व सरल दर्शन व्यवस्था कराने को प्रतिबद्ध है। दर्शनों में होने वाली अव्यवस्थाओं को रोकने  के लिए कई उपाय किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्राकाल में भारी संख्या में विशिष्ट व अति विशिष्ट व्यक्ति केदारनाथ व बदरीनाथ के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। BKTC इन विशिष्ट महानुभावों को प्राथमिकता पर दर्शन कराती है और उन्हें प्रसाद भी देती है। मगर अभी तक उनसे किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है, जबकि देश के प्रमुख मंदिरों में उनसे कुछ न कुछ शुल्क लिया जाता है। इसी तर्ज पर BKTC भी इस वर्ष से ऐसे विशिष्ट व्यक्तियों से तीन सौ रूपये प्रति व्यक्ति शुल्क लेगी। अजेंद्र ने यह भी बताया कि बीकेटीसी द्वारा मंदिरों में दान-चढ़ावे गिनती की व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जा रहा है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे युक्त ग्लास हॉउस निर्मित किया जा रहा है। मंदिर समिति के कार्मिकों को ड्रेस के साथ पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लटकाना होगा। उन्होंने केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में भी संतों को जानकारी दी। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में दोनों धामों को दिव्य व भव्य स्वरूप देने के लिए तेजी से कार्य चल रहा है। संतों ने बीकेटीसी द्वारा व्यवस्थाओं में किये जा रहे सुधारों की सराहना की। संतों ने उम्मीद जताई कि बीकेटीसी देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम व सरल दर्शन कराने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहेगी।

Uncategorized
Copyrights 2021, All Rights reserved to VIBRANT BROADCASTING PVT. LTD. | Website Developed by - Prabhat Media Creations